


राजस्व मामलों के 31 सहित कुल 37 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पूर्णिया: जिला मुख्यालय स्थित प्रज्ञान सभागार में शुक्रवार को सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 37 आवेदन जिला पदाधिकारी को सौंपे। इनमें 31 आवेदन राजस्व विभाग तथा छह आवेदन अन्य विभागों से संबंधित थे। डीएम ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। इसी कड़ी में उन्होंने लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अनुमंडल, प्रखंड एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर आमजनों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।
जिला प्रशासन ने बताया कि सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिला मुख्यालय के साथ-साथ अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।
















