


नवगछिया। परम् पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद एवं श्री बजरंग बली की कृपा से सेवा श्री नवगछिया द्वारा प्रत्येक शनिवार की भांति इस शनिवार को भी नवगछिया बस स्टैंड पर महाप्रसाद ‘पुंगल’ का भव्य वितरण किया गया। संध्या 7 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखी गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि हर सप्ताह की तरह इस बार भी लोगों की भीड़ संध्या होते ही बस स्टैंड परिसर में जुटने लगी थी। आयोजन स्थल पर भक्ति और सेवा का वातावरण देखने को मिला। सेवा श्री के सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।
इस अवसर पर सेवा श्री के सदस्यों का उत्साहवर्धन करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवगछिया के प्रभारी डॉ. बी. दास एवं अधिवक्ता चंद्र भानु यादव उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का सेवा श्री परिवार द्वारा अंगवस्त्र से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा श्री के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही राधे श्याम जांच घर के संचालक बलराम कुमार भी उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
सेवा श्री द्वारा प्रत्येक शनिवार को आयोजित इस महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम से न केवल लोगों को प्रसाद ग्रहण करने का अवसर मिल रहा है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी सुदृढ़ हो रही है।
















