5
(1)



भागलपुर। ईशाकचक थाना क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय केशव कुमार का 10 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस जांच में ठोस प्रगति नहीं होने से चिंतित परिजन अब न्याय की उम्मीद में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार का पुत्र केशव 15 अप्रैल की सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए घर से निकला था। उसने परिजनों से बायपास की ओर जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

पीड़ित पिता मुकेश कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ईशाकचक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार पुलिस और प्रशासन के चक्कर लगा रहा है, लेकिन बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने से पूरा परिवार मानसिक रूप से टूट चुका है।

मां रश्मी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि उनका बेटा जहां भी हो, उसे जल्द सुरक्षित घर पहुंचाया जाए। परिजनों के अनुसार केशव पढ़ाई में मेधावी छात्र था और हाल ही में सीबीएसई परीक्षा में 84 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। अचानक लापता होने से परिवार कई तरह की आशंकाओं से घिरा हुआ है।

परिवार ने एसएसपी से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि पुलिस टीम लगातार खोजबीन में जुटी है और जल्द ही केशव को ढूंढने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि लापता किशोर कब तक सुरक्षित अपने घर लौटता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: