


नारायणपुर : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अनुमंडल सचिव डॉ. कुमार चंदन ने बिहार सरकार के शिक्षामंत्री मिथलेश तिवारी से मुलाकात कर भागलपुर जिले की शिक्षा व्यवस्था एवं शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान डॉ. चंदन ने शिक्षकों के स्थानांतरण, लंबित वेतन भुगतान, एरियर तथा पुरानी व्यवस्था में बदलाव कर नई व्यवस्था लागू करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को कई प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसका शीघ्र समाधान आवश्यक है।

शिक्षामंत्री मिथलेश तिवारी ने समस्याओं पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया में महिला शिक्षकों को उनके गृह प्रखंड तथा पुरुष शिक्षकों को गृह जिला में स्थानांतरण देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों के लंबित वेतन और एरियर भुगतान को जल्द पूरा करने के लिए अपर मुख्य सचिव को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के दौरान अन्य लंबित मांगों पर भी चर्चा हुई। शिक्षामंत्री ने कहा कि शिक्षकों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नई नीति बनाई जा रही है और इस संबंध में अधिकारियों के साथ लगातार बैठक चल रही है। जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा।
















