


महादेवपुर घाट पर दिखी दो दशक पुरानी तस्वीर, अंगिका गायक सुनील छैला बिहारी बोले — “लोग फिर पुराने दौर में लौट गए”
नवगछिया : विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर, नवगछिया और सीमांचल के बीच आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पुल पर आवाजाही बाधित होने से लोगों को एक बार फिर पुराने दिनों की याद आने लगी है, जब गंगा पार करने के लिए नाव ही एकमात्र सहारा हुआ करती थी।

शनिवार को मलमास से पहले लग्न के अंतिम दिनों में महादेवपुर घाट पर ऐसी ही भावुक तस्वीर देखने को मिली। मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार अपनी नई नवेली दुल्हन को विदा कराकर भागलपुर ले जा रहे थे। लेकिन विक्रमशिला पुल पर आवागमन बाधित होने के कारण उन्हें सड़क मार्ग नहीं मिला।
मजबूरन दूल्हा-दुल्हन को नाव के सहारे गंगा पार करनी पड़ी। घाट पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। नई दुल्हन के नाव से ससुराल रवाना होने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर लोक अंगिका गायक एवं भोजपुरी अभिनेता सुनील छैला बिहारी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अंग क्षेत्र के लिए विक्रमशिला पुल का क्षतिग्रस्त होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोग जान हथेली पर रखकर नदी पार करने को मजबूर हैं और दो दशक पुरानी जिंदगी फिर से जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका वर्षों पहले गाया गया लोकप्रिय अंगिका गीत “केना के नदिया टपूआ हे राधिका” इन दिनों फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग नाव यात्रा के दौरान डर और भावनाओं के बीच इस गीत पर वीडियो बनाकर साझा कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल संकट ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शादी-विवाह, इलाज, नौकरी, शिक्षा और व्यापार से जुड़े लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं घाटों पर बढ़ती भीड़ और नावों पर निर्भरता लोगों की चिंता और बढ़ा रही है।
















