


पूर्णिया:
पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने वार्ड संख्या 24 की वार्ड पार्षद राखी कुशवाहा एवं समाजसेवी अमरेंद्र कुशवाहा के पुत्र शुभम कुमार कुशवाहा को नेवालाल चौक पर अपराधियों द्वारा गोली मारकर घायल किए जाने की घटना पर गहरा दुख एवं चिंता व्यक्त की है।

महापौर ने घटना को अत्यंत दुखद, निंदनीय एवं चिंताजनक बताते हुए कहा कि इस प्रकार की आपराधिक घटनाएं समाज में भय का वातावरण उत्पन्न करती हैं, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने ईश्वर से शुभम कुमार कुशवाहा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
महापौर विभा कुमारी ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें अविलंब गिरफ्तार करने तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्णिया की जनता की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और कानून का राज कायम रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से ही आम लोगों का कानून-व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है। महापौर ने घायल शुभम कुमार कुशवाहा के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी पूरी सहानुभूति परिवार के साथ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाएगा तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगा।
















