


नवगछिया समेत बरौनी, बेगूसराय, मानसी और खगड़िया में चला सघन जांच अभियान, एक दिन में 28.75 लाख रुपये जुर्माना वसूला
नवगछिया। यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा कराने और रेलवे राजस्व की सुरक्षा को लेकर सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 28 सितंबर 2026 को सोनपुर, हाजीपुर सहित कटिहार-बरौनी रेलखंड के बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया, नवगछिया समेत विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में टिकट जांच कर्मियों, वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की टीमों ने संयुक्त रूप से सघन जांच की। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा करने वाले यात्रियों की जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 2,885 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इन मामलों से रेलवे को 28 लाख 75 हजार 830 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे के अनुसार, अभियान का उद्देश्य बिना वैध टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई करने के साथ यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी है।

सितंबर में 43 हजार से अधिक मामलों पर कार्रवाई
सोनपुर मंडल के अनुसार, सितंबर माह में 28 सितंबर तक कुल 43,120 मामलों का निपटारा किया गया है। इन मामलों से मंडल को 3 करोड़ 77 लाख 46 हजार 316 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक सोनपुर मंडल में कुल 3,73,507 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों से मंडल ने 29 करोड़ 26 लाख 34 हजार 848 रुपये का रेल राजस्व प्राप्त किया है।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने पर रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
रेल प्रशासन के अनुसार, यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेगा टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में टिकट जांच को और प्रभावी बनाने के लिए रेलवे की टीमों द्वारा नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।















