5
(1)

पूर्णिया । देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बनभाग स्थित भाजपा जिला कार्यालय, पूर्णिया में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा पूर्णिया के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की। उन्होंने राष्ट्रध्वज फहराया और उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगे को सलामी दी।

इस अवसर पर संजीव कुमार सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अपनी नई पहचान बना रहा है। देश आत्मनिर्भरता, विकास, तकनीक, सुरक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित होकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: