5
(1)

बकरी बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, ग्रामीणों ने तालाब को सुरक्षित करने की उठाई मांग

भागलपुर। बिहार के सिल्क सिटी भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत किशनपुर बाइपास के पास सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के पास स्थित तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृत बच्चियों की पहचान सोनाली कुमारी (उम्र 13 वर्ष) और निशा कुमारी (उम्र 12 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार दोनों बच्चियां सुबह बकरी चराने निकली थीं और गांव के समीप तालाब के किनारे पहुंचीं। इसी दौरान एक बकरी तालाब की ओर चली गई, जिसे रोकने के प्रयास में निशा का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी।

निशा को डूबते देख सोनाली ने तुरंत तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी पानी में डूब गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते या सहायता कर पाते, तब तक दोनों बच्चियां तालाब में समा चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची नाथनगर थाना की पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव को तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेजा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब को चारों ओर से घेराबंदी कर सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं न हो।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: