0
(0)

@ मंच पर किसी ने सुर साधे, किसी ने कदम थिरकाए, किसी ने अभिनय से संदेश दिया और किसी ने कराटे से साहस दिखाया।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। स्वतंत्रता दिवस की शाम भागलपुर का टाउन हॉल सिर्फ रोशनी से नहीं, बल्कि बच्चों के जोश, जज्बे और देशभक्ति से जगमगा उठा। शनिवार शाम आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में नन्हे कलाकारों ने गीत, संगीत, नृत्य, नाटक और कराटे के जरिए ऐसा रंग जमाया कि दर्शक देर तक तालियां बजाते रहे।


जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त रवि राकेश, जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के बाद जैसे ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, पूरा सभागार देशभक्ति के रंग में डूब गया।
कार्यक्रम में 14 विद्यालयों एवं संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। किलकारी बिहार बाल भवन, आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, शरण्या एकेडमी, ताल नृत्यम, सेंट जोसफ समेत विभिन्न संस्थानों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जब मंच पर दिखा ‘ऑपरेशन सिंदूर’:
समारोह की सबसे खास प्रस्तुतियों में बच्चों का कराटे प्रदर्शन, नाट्य प्रस्तुति और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झलकियां रहीं। छोटे-छोटे बच्चों ने अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ साहस, वीरता और राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश मंच पर जीवंत कर दिया। प्रस्तुति खत्म होते ही टाउन हॉल तालियों से गूंज उठा।
विभिन्न कार्यक्रमों में स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता-अखंडता और भारतीय संस्कृति की विविधता की झलक दिखाई दी। बच्चों की ऊर्जा और मंच पर उनका आत्मविश्वास देखकर अभिभावक और शिक्षक भी खासे उत्साहित नजर आए।
सम्मान ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह:
कार्यक्रम के समापन पर सभी सहभागी विद्यालयों एवं संस्थानों के समूहों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उप विकास आयुक्त रवि राकेश ने बच्चों और उनके प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करते हैं।
मंच संचालन नम्रता मिश्रा और वैभव राज ने किया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने अतिथियों का स्वागत किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पदाधिकारियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों, कलाकारों, अभिभावकों और दर्शकों के प्रति आभार जताया।
बिहार गीत के साथ हुआ भावपूर्ण समापन:
कार्यक्रम का अंतिम दृश्य भी खास रहा। आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने तबला, हारमोनियम और गिटार की मधुर धुनों पर बिहार राज्य गीत प्रस्तुत किया। सामूहिक गायन के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस की यह शाम बच्चों के नाम रही – जहां मंच पर किसी ने सुर साधे, किसी ने कदम थिरकाए, किसी ने अभिनय से संदेश दिया और किसी ने कराटे से साहस दिखाया। टाउन हॉल से उठी तालियों की गूंज ने साफ कर दिया कि देशभक्ति केवल भाषणों में नहीं, बच्चों की प्रतिभा और उनके सपनों में भी दिखाई देती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: