


भागलपुर । टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल, भागलपुर में सोमवार को भारत विकास परिषद की ओर से अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के प्रथम चरण की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में जूनियर वर्ग के 42 तथा सीनियर वर्ग के नौ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष रतन संथालिया ने पर्यवेक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में परीक्षा का संचालन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया।
लिखित चयन परीक्षा के बाद चयनित विद्यार्थियों की घोषणा भी सोमवार को ही की गई। जूनियर वर्ग में अर्जुन आनंद एवं अभिराज सिंह का चयन जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। वहीं, सीनियर वर्ग में शिवम कुमार शर्मा, साहित्य कुमार एवं सौम्या कुमारी ने अगले चरण के लिए स्थान बनाया।
चयनित सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की गई और उन्हें आगामी जिला स्तरीय परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यालय के निदेशक इंजीनियर अंशु सिंह एवं सभी शिक्षकों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगे के चरण में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के निदेशक इंजीनियर अंशु सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को देश के इतिहास, संस्कृति, परंपरा, ज्ञान और विविधता को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी चरण में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
















