


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी गांव में बुधवार को अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचाई। आग की चपेट में आकर तीन घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अगलगी की घटना में सुनीता देवी, सीमा देवी और खुशबू देवी का आशियाना पूरी तरह नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की वजह चूल्हे से निकली चिंगारी बताई जा रही है। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत की और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीनों घर पूरी तरह जल चुके थे और पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के बाद पूर्व सरपंच शंभू यादव ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।
















