


भागलपुर। कजरैली थाना क्षेत्र के कुमरत मोड़ के समीप सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान कुमरत गांव निवासी निरंजन कुमार के 7 वर्षीय पुत्र बिसु कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो कुमरत मोड़ की ओर से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रहे बिसु कुमार को ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर चार से पांच बार पलट गया।
हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कजरैली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सीएनजी ऑटो को जब्त कर थाना परिसर में रखा है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुमरत मोड़ के आसपास अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्र में गति नियंत्रण, चेतावनी संकेतक एवं अन्य यातायात सुरक्षा उपायों की कमी के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।














