0
(0)



नवगछिया । विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर से नवगछिया सहित सीमांचल क्षेत्र का सड़क संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुल पर आवागमन बंद रहने से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी व्यापक असर पड़ा है। यात्री किसी तरह नाव और छोटे जहाजों के सहारे गंगा पार कर रहे हैं, लेकिन चारपहिया वाहन, गिट्टी, बालू एवं अन्य आवश्यक सामानों के परिवहन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


इस समस्या के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। भागलपुर के जिलाधिकारी के प्रयास से कोलकाता से चार मालवाहक जहाज मंगाए गए हैं, जिन्हें तिनटंगा करारी घाट से कहलगांव घाट के बीच संचालित किए जाने की तैयारी चल रही है।

जानकारी के अनुसार, इन मालवाहक जहाजों में एक बार में 10 से लेकर 24 वाहनों तक को लोड करने की क्षमता है। इसके शुरू होने से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, माल ढुलाई तथा वाहनों के आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


मालवाहक सेवा शुरू करने की तैयारियों को लेकर कोलकाता से आए शार्क शिपिंग कंपनी के डायरेक्टर मोहम्मद अरशद एवं तनवीर हसन ने स्थानीय अधिकारियों के साथ गंगा तट का निरीक्षण किया। इस दौरान अंचल नाजिर ललन कुमार सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने घाट की स्थिति, जलस्तर तथा जहाज संचालन की संभावनाओं का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों का मानना है कि मालवाहक जहाज सेवा शुरू होने से विक्रमशिला सेतु बंद रहने के दौरान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा सीमांचल क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु रूप से हो सकेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: