


नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय धरहरा में गुरुवार को बाल संसद के सदस्यों के लिए चुनाव कराया गया। विद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया।
बाल संसद के प्रधानमंत्री पद के लिए कुल आठ छात्रों ने नामांकन किया था। जांच के दौरान तीन छात्रों का नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके बाद पांच उम्मीदवार मैदान में बचे, जिनमें से एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस ले लिया। अंततः चार प्रत्याशियों के बीच गुप्त मतदान के जरिए चुनाव कराया गया।

मतगणना में निधि कुमारी को सर्वाधिक 57 मत प्राप्त हुए और वह प्रधानमंत्री निर्वाचित घोषित की गईं। वहीं सूरज कुमार (वर्ग 8) को 48 मत प्राप्त हुए। कुणाल भारती को 12 मत तथा सूरज कुमार (वर्ग 7) को 10 मत मिले। चुनाव में पांच मत रद्द घोषित किए गए।
बाल संसद के अन्य पदों पर भी छात्रों का चयन किया गया। उप प्रधानमंत्री पद पर सूरज कुमार चुने गए। शिक्षा मंत्री मुस्कान कुमारी एवं उप शिक्षा मंत्री सोनू कुमार बने। विज्ञान एवं पुस्तकालय मंत्री स्वाती कुमारी तथा उप विज्ञान एवं पुस्तकालय मंत्री सत्यम कुमार चुने गए। जल एवं कृषि मंत्री गलबसा खातून एवं उप मंत्री गुरूदेव कुमार बने। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री अंशिका कुमारी तथा उप मंत्री आशीष कुमार चुने गए।

इसी प्रकार सांस्कृतिक एवं खेल मंत्री के रूप में ईशु प्रिया एवं उप मंत्री प्रिया राज को जिम्मेदारी दी गई। आपदा सुरक्षा मंत्री प्रेम दीप कुमार तथा उप आपदा सुरक्षा मंत्री सरस्वती कुमारी चुनी गईं।
चुनाव पदाधिकारी के रूप में लतिका कुमारी, रश्मि कुमारी, नीता कुमारी एवं स्नेहा कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक युगेश कुमार के सानिध्य में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।















