
रिफातपुर बासा के पास देर रात हुआ हादसा, दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर किया गया रेफर; वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
भागलपुर। पीरपैंती थाना क्षेत्र के रिफातपुर बासा के पास देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से सड़क हादसा हो गया। काले रंग की स्कॉर्पियो ने बाराहाट की ओर जा रहे सीएनजी टेंपो और एक ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान टेंपो चालक दिलीप कुमार ठाकुर, रितेश कुमार, इरशाद अहमद, अकबर अंसारी और सागर कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले सीएनजी टेंपो और फिर ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो में सवार लोगों को चोटें आईं।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक ब्रजकिशोर चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने डायल 112 की टीम और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को रेफरल अस्पताल, पीरपैंती पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। घायलों में दो की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही फरार चालक की पहचान करने और घटना से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।















