


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पेंशनधारियों को अगस्त 2026 की पेंशन का भुगतान नहीं होने को लेकर सेवानिवृत्त रसायन विज्ञान प्रदर्शक आशुतोष राजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को अभ्यावेदन भेजा है। उन्होंने बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति, टीएमबीयू के कुलपति एवं कुलसचिव समेत शिक्षा और वित्त विभाग के अधिकारियों से मामले में आवश्यक कार्रवाई और पेंशन भुगतान की स्थिति स्पष्ट करने का अनुरोध किया है।
15 सितंबर को भेजे गए अभ्यावेदन में कहा गया है कि टीएमबीयू के पेंशनधारियों को अगस्त 2026 की देय पेंशन अब तक प्राप्त नहीं हुई है। अभ्यावेदनकर्ता ने कहा है कि उन्हें उपलब्ध जानकारी के अनुसार राज्य के कुछ अन्य विश्वविद्यालयों में संबंधित अवधि की पेंशन का भुगतान हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा है कि पेंशनधारियों के बीच अगस्त की पेंशन के लिए आवंटन रोके जाने की जानकारी है, लेकिन इसकी आधिकारिक स्थिति और संबंधित आदेश की प्रति उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई है।

अभ्यावेदन में पेंशनधारियों की आर्थिक स्थिति और वरिष्ठ आयु को देखते हुए शीघ्र स्थिति स्पष्ट करने का अनुरोध किया गया है। आवेदक ने पेंशन के आवंटन से संबंधित आदेश, निर्णय लेने वाले विभाग या प्राधिकारी, निर्णय की तारीख तथा स्वीकृत, आवंटित और लंबित राशि की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
अभ्यावेदन में पेंशन के अधिकार से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के Deokinandan Prasad बनाम State of Bihar (1971), D.S. Nakara बनाम Union of India (1983) और S.K. Dua बनाम State of Haryana (2008) मामलों का भी उल्लेख किया गया है। आवेदक ने इन फैसलों के आधार पर पेंशन को कर्मचारी की सेवा से जुड़ा अधिकार बताते हुए भुगतान में विलंब की स्थिति में लागू कानूनी प्रावधानों पर विचार करने का अनुरोध किया है।

















