


भागलपुर। दीपनगर स्थित कांग्रेस भवन में रविवार को युवा कांग्रेस भागलपुर एवं NSUI के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को युवा कांग्रेस के नेता विकाश सिंह एवं NSUI के नेता अमन मिन्नती ने संबोधित किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विकाश सिंह ने कहा कि TNB विधि महाविद्यालय में एलएलबी (LLB) कोर्स की 324 सीटों पर नामांकन शुरू कराने तथा कई वर्षों से बंद पड़े 5 वर्षीय प्री-लॉ कोर्स को पुनः प्रारंभ कराने की मांग को लेकर लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से विश्वविद्यालय का चक्कर लगाने और आवेदन सौंपने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने घोषणा की कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए युवा कांग्रेस भागलपुर एवं NSUI के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार, 21 जुलाई से TNB विधि महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुमित साह, NSUI नेता मृत्युंजय शर्मा, प्रणव श्रीवास्तव, सदिया खान सहित युवा कांग्रेस एवं NSUI के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















