0
(0)



एक माह में दूसरी बार वारदात, अज्ञात चोरों के खिलाफ रेल थाना में केस दर्ज

नवगछिया रेल जीआरपी थाना क्षेत्र अंतर्गत नयाटोला वार्ड संख्या-08 में अज्ञात चोरों ने एक ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। लगातार बढ़ रही चोरी और सेंधमारी की घटनाओं से इलाके के व्यवसायियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।


मामले को लेकर पीड़ित दुकानदार नवगछिया वार्ड संख्या-08 निवासी भोला पंडित, पिता सुरेश पंडित ने बताया कि मंगलवार रात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से से चदरा काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने दुकान के अंदर लगे गेट को तोड़कर ट्रैक्टर पार्ट्स के कई महंगे सामान चोरी कर लिए।

दुकानदार ने बताया कि बुधवार सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए। दुकान से बैटरी, इनवर्टर, मोबिल, ग्रीस, बेयरिंग समेत कई अन्य सामान गायब थे। उन्होंने बताया कि एक महीने के भीतर उनकी दुकान में यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है।

पीड़ित के अनुसार घटना की जानकारी डायल 112 टीम को दी गई थी। वहां से उन्हें बताया गया कि मामला रेल थाना क्षेत्र से जुड़ा है और उन्हें नवगछिया रेल जीआरपी थाना में आवेदन देना होगा। जब वे रेल थाना पहुंचे तो वहां से यह कहते हुए नवगछिया थाना भेज दिया गया कि घटनास्थल स्थानीय थाना क्षेत्र में आता है। वहीं नवगछिया थाना में भी आवेदन लेने से इनकार करते हुए मामला रेल थाना क्षेत्र का बताया गया।

दिनभर दोनों थानों के चक्कर लगाने के बाद परेशान दुकानदार ने पत्रकार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद नवगछिया रेल जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी   ने पीड़ित को फोन कर थाना बुलाया और आवेदन स्वीकार किया।


भोला पंडित ने बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यवसायी काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि चोर रातों-रात लाखों रुपये के सामान चोरी कर ले जा रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक चोर गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।

घटना के बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने चोरी गए सामान की बरामदगी, नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा चोर गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं नवगछिया रेल जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: