


ट्रक, बस और भारी वाहन भी कर सकेंगे गंगा पार, तीन घाट किए गए चिन्हित
भागलपुर में गंगा नदी के दोनों किनारों के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। भागलपुर जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन निजी कंपनियों को गंगा घाटों के बीच फेरी एवं कार्गो सेवा संचालन की अस्थायी अनुमति प्रदान की गई है। इसके साथ ही अब 18 चक्का तक के भारी वाहनों के परिचालन का रास्ता भी साफ हो गया है।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार कन्हैया लॉजिस्टिक को बाबूपुर घाट, सबौर से महादेवपुर गंगा घाट तक फेरी एवं कार्गो सेवा संचालन की अनुमति दी गई है। इस जल परिवहन सेवा के शुरू होने से भारी वाहनों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी कम समय में सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
अधिकारियों का मानना है कि जहाज सेवा शुरू होने से परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सड़क मार्ग पर दबाव कम होगा। इसके अलावा व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। खासकर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में तेजी आएगी और माल ढुलाई आसान हो जाएगी।
प्रशासन ने फेरी सेवा और कार्गो सेवा के लिए किराया दर भी निर्धारित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि तय दर लागू होने से यात्रियों एवं मालवाहकों के लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित होगी तथा सेवा का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

विशेष रूप से खाद्य सामग्री, दवाइयां, दूध, सब्जियां और अन्य जरूरी सामानों की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए कार्गो सेवा को जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया है। सेवा शुरू होने के बाद बड़ी मालवाहक ट्रक, बस और अन्य भारी वाहन भी आसानी से गंगा पार कर सकेंगे, जिससे लोगों को कम समय में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
हालांकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सूर्यास्त के बाद जल परिवहन सेवा के संचालन पर रोक रहेगी। इसी को लेकर बाबूपुर घाट पर सदर एसडीएम विकास कुमार, सिटी डीएसपी-1 अजय कुमार चौधरी सहित कई वरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नाविकों और स्थानीय ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर सबौर प्रखंड प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट, आपदा मित्र, डॉक्टर एवं नर्स की भी तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
















