


भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र के सुरखीकल निवासी सुनील कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह पेशे से टोटो चालक थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई विपीन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को किसी बात को लेकर सुनील कुमार और उनकी पत्नी चंदा देवी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद सुनील कुमार टोटो की चाबी घर में रखकर यह कहकर निकले कि वह पंजाब जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार बाद में वह हवाई अड्डे के समीप गोपालपुर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि घटनास्थल औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र में होने के कारण संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने के कुछ समय बाद औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मृतक अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
















