


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कहलगांव अनुमंडल स्थित सनोखर को नया प्रखंड बनाने की वर्षों पुरानी मांग अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक शुभानंद मुकेश ने बिहार विधानसभा में शून्यकाल सूचना के माध्यम से सनोखर को नया प्रखंड बनाए जाने की मांग मजबूती से उठाई है। विधायक की पहल के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। लोगों ने इसे सनोखर एवं आसपास के गांवों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
विधायक शुभानंद मुकेश ने विधानसभा में शून्यकाल सूचना संख्या 18/2/389 के माध्यम से मांग रखते हुए कहा कि भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र तथा कहलगांव प्रखंड के पूरब एवं दक्षिणी पंचायतों को भौगोलिक, प्रशासनिक एवं जनसुविधा की दृष्टि से एकीकृत करते हुए सनोखर को नया प्रखंड बनाया जाए।
सरकार ने बताया – प्रस्ताव विभाग को मिल चुका है
विधायक की मांग पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया है कि भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत सनोखर को नया प्रखंड बनाए जाने के संबंध में जिला पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा प्रखंड सृजन संबंधी विहित 16 कॉलम के प्रपत्र में प्रस्ताव प्रमंडलीय आयुक्त के माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराया जा चुका है।

सरकार ने आगे बताया है कि प्राप्त प्रस्ताव के आलोक में विभागीय स्तर पर समीक्षा के बाद आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण विकास विभाग के ज्ञापांक 5952244, दिनांक 20 जुलाई 2026 के सरकारी वक्तव्य से स्पष्ट है कि सनोखर को प्रखंड बनाने का प्रस्ताव अब सरकारी प्रक्रिया में पहुंच चुका है।
क्षेत्रीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, सनोखर को प्रखंड का दर्जा दिलाने की दिशा में विधायक शुभानंद मुकेश लगातार प्रयासरत रहे। भागलपुर के जिलाधिकारी द्वारा प्रखंड सृजन के लिए 16 कॉलम वाला निर्धारित फार्म तैयार कराने तथा प्रस्ताव को प्रमंडलीय आयुक्त के माध्यम से आगे भेजने की प्रक्रिया में भी विधायक की सक्रिय भूमिका रही।
विधायक द्वारा इस मुद्दे को विधानसभा के पटल पर उठाए जाने के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विभागीय समीक्षा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार सनोखर को नया प्रखंड बनाने की दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी।
सनोखर और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल
विधानसभा में वर्षों पुरानी मांग उठाए जाने की जानकारी मिलते ही सनोखर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा विधायक शुभानंद मुकेश के प्रति आभार जताया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सनोखर को प्रखंड का दर्जा मिलने से लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक अधिक आसानी से पहुंचने की उम्मीद है।
शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार को मिलेगी नई गति
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रखंड का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ेंगी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिल सकती है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि, रोजगार तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।
लोगों का कहना है कि सनोखर को प्रखंड बनाने की मांग केवल प्रशासनिक सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के समग्र विकास और आम जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा से जुड़ी हुई है।
जनप्रतिनिधियों ने विधायक का जताया आभार
वर्षों पुरानी मांग को विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण मंच तक पहुंचाने के लिए विधायक प्रतिनिधि नितीश कुमार, अमन कुमार, नितीन भगत, निक्कु महतो और रॉकी केशरी, राजू मिश्रा सहित क्षेत्र के लोगों ने विधायक शुभानंद मुकेश के प्रति आभार व्यक्त किया है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि सनोखर को प्रखंड का दर्जा दिलाने की दिशा में प्रस्ताव का सरकार तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। अब सभी की निगाहें सरकार के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि विभागीय समीक्षा और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सनोखर को जल्द नया प्रखंड घोषित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।
फिलहाल, सरकार के आधिकारिक वक्तव्य से इतना स्पष्ट है कि सनोखर को प्रखंड बनाने का प्रस्ताव विभाग को प्राप्त हो चुका है और उस पर विभागीय स्तर पर समीक्षा एवं अग्रेतर कार्रवाई जारी है।
















