


एसओएफ सम्मान से बढ़ा पूर्णिया और बिहार का गौरव
पूर्णिया। विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा, पूर्णिया के लिए गौरव और हर्ष का क्षण उस समय आया जब विद्यालय के प्राचार्य श्री निखिल रंजन को विज्ञान ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) द्वारा प्रतिष्ठित “एसओएफ सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2025-26” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित 28वें अंतरराष्ट्रीय वार्षिक सम्मान समारोह 2026 में प्रदान किया गया।
करीब 30 वर्षों से शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ा रहे विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विद्यालय के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचारपूर्ण शैक्षणिक वातावरण के कारण यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बन गई है। विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय सामाजिक विज्ञान ओलंपियाड में विद्यालय के छात्रों के शानदार प्रदर्शन ने इस उपलब्धि को और अधिक ऐतिहासिक बना दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में सीबीएसई के सचिव एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हिमांशु गुप्ता, प्रोफेसर वाई.एस. राजन, डॉ. प्रवीण गुप्ता तथा विज्ञान ओलंपियाड फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक महाबीर सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान हिमांशु गुप्ता द्वारा प्राचार्य निखिल रंजन को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल शांडिल्य भी उपस्थित रहे।
इस सम्मान के बाद विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और कर्मचारियों ने प्राचार्य को बधाई देते हुए इसे पूरे विद्या विहार परिवार के सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम बताया। विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल बना हुआ है और लगातार शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
विद्यालय के सचिव इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान पूरे विद्या विहार परिवार की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि निखिल रंजन के नेतृत्व में विद्यालय लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।

वहीं विद्यालय के निदेशक इंजीनियर आर.के. पॉल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय आने वाले समय में भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
प्राचार्य निखिल रंजन ने इस सम्मान को विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर विद्यालय की इस पहचान से वे अत्यंत गौरवान्वित हैं और यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरे पूर्णिया जिले से विद्या विहार परिवार को लगातार शुभकामनाएं और बधाइयां मिल रही हैं।
















