


प्रभारी प्रधानाध्यापक पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप, घायल शिक्षक की पत्नी ने थाने में दिया आवेदन
नवगछिया के इस्माइलपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय सुदन टोला में प्रभारी प्रधानाध्यापक पर एक शिक्षक के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में घंटी बजाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले लोहे के हथौड़े से शिक्षक के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे शिक्षक बेहोश होकर गिर पड़े। मामले को लेकर घायल शिक्षक अभिलाष कुमार मंडल की पत्नी सुनीता देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए इस्माइलपुर थाना में आवेदन दिया है।

थाना में दिए आवेदन के अनुसार, अभिलाष कुमार मंडल विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी सुनीता देवी भी इसी विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका के रूप में कार्यरत हैं। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मदन मोहन रजक उनके पति के साथ कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे। आरोप है कि उन्हें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के मामले में फंसाने की धमकी भी दी जा रही थी।
आवेदन के अनुसार, अभिलाष कुमार मंडल ने कथित गाली-गलौज और धमकी का विरोध किया। इसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में घंटी बजाने के लिए रखे लोहे के हथौड़े से उनके सिर पर प्रहार कर दिया। सिर पर चोट लगने के बाद शिक्षक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

शिक्षक की पत्नी ने बीच-बचाव का किया प्रयास
आवेदन में सुनीता देवी ने आरोप लगाया है कि घटना के समय उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस दौरान उनके साथ भी कथित रूप से गाली-गलौज की गई। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक पर गलत नीयत से उनके कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया है।
घटना के बाद मामले को लेकर विद्यालय में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। घायल शिक्षक की पत्नी ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस के स्तर से आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।















