


पूर्णिया । मिल्लिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल, राधानगर, कसबा में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी-2026 का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा एक से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े विभिन्न मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रागीब अनवर ने कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन को सरल और बेहतर बनाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने और अपने आसपास की चीजों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, पूर्णिया के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार एवं सहायक प्रोफेसर ताबिश शानू मौजूद रहे। दोनों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मिल्लिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रामबाग, पूर्णिया के प्राचार्य डॉ. साकिब शकील भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की प्रशंसा की।
कक्षा एक से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने स्वस्थ भोजन, मौसम, पौधों, जानवरों, नदी की सफाई, किडनी और अम्लीय वर्षा से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं, कक्षा छह से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने हाइड्रोलिक पुल, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित रोबोट, कचरे से बिजली उत्पादन, आपदा चेतावनी प्रणाली, स्मार्ट शहर, अग्नि सुरक्षा और स्वचालित रक्षा प्रणाली जैसे मॉडल तैयार किए।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच देखने को मिली। विभिन्न मॉडलों को देखने के लिए विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
















