


लोगों की समस्याओं का लिया जायजा, नि:शुल्क नाव सेवा शुरू करने की घोषणा
पूर्णिया : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आवागमन की समस्या को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गुरुवार को नाव से नवगछिया से भागलपुर पहुंचे और लोगों की परेशानियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सिर्फ एक पुल के क्षतिग्रस्त होने का मामला नहीं, बल्कि सरकार के विकास मॉडल और प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

सांसद ने कहा कि सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण हजारों छात्र-छात्राओं को स्कूल और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का दूध समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पाने के कारण खराब हो रहा है। वहीं गंभीर मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे लोगों की जान तक जा रही है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी, किसान, मजदूर और आम लोग इस अव्यवस्था से परेशान हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या बिहार सरकार के पास लोगों की सुविधा के लिए पर्याप्त नावों की व्यवस्था करने की क्षमता भी नहीं है।
पप्पू यादव ने कहा कि जिस निर्माण कंपनी के कार्यकाल में बार-बार पुल क्षतिग्रस्त हो रहा है, उससे जवाबदेही तय कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।

जनता की समस्याओं को देखते हुए सांसद ने तत्काल पांच नावों के संचालन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये नावें छात्रों, किसानों, मरीजों, गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क सेवा प्रदान करेंगी। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी, जब तक विक्रमशिला सेतु पूरी तरह चालू नहीं हो जाता।
सांसद ने कहा कि जनता को उसके हाल पर छोड़ देना राजनीति नहीं बल्कि संवेदनहीनता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आम लोगों की आवाज बनकर इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाते रहेंगे।















