


भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के नीचे एक फॉल्स दीवार के नदी में गिरने की खबर के बाद प्रशासन और तकनीकी टीम सक्रिय हो गई। सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने पुल निर्माण निगम के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंचकर सेतु का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद एसडीओ विकास कुमार ने स्पष्ट किया कि विक्रमशिला सेतु के मुख्य ढांचे (स्ट्रक्चर) में किसी प्रकार की कोई क्षति या खराबी नहीं पाई गई है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी रूप से फॉल्स दीवार बनाई जाती है, जो पुल का स्थायी हिस्सा नहीं होती।
उन्होंने कहा कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद इन अस्थायी दीवारों को हटा दिया जाना था, लेकिन किसी कारणवश कुछ दीवारें उस समय नहीं हटाई जा सकीं। उन्हीं में से एक दीवार अब टूटकर नदी में गिर गई है। खराब हो चुकी दीवार को जल्द ही पूरी तरह तोड़कर हटाया जाएगा।
एसडीओ ने यह भी बताया कि पिछले दो दिनों से कुछ टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर यह खबर प्रसारित की जा रही थी कि विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 19 को नुकसान पहुंचा है, जो पूरी तरह भ्रामक और निराधार है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।













