


पूर्णिया ।
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर बुधवार को पूर्णिया के आकाशवाणी रोड स्थित सहयोग प्रांगण में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहयोग संस्था से स्वास्थ्य प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राओं ने जरूरतमंद लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।

शिविर का नेतृत्व सहयोग संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने किया। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षित युवाओं ने शिविर में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान नि:शुल्क हीमोग्लोबिन और डायबिटीज की जांच भी की गई। उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षित युवाओं द्वारा दी गई स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने कहा कि विश्व युवा कौशल दिवस प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई को मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2014 में युवाओं को रोजगार, सम्मानजनक कार्य और उद्यमिता के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल से सशक्त बनाने के उद्देश्य से इस दिवस की शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी युग में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। युवाओं को तकनीकी, डिजिटल और व्यावहारिक कौशल से लैस करना समय की आवश्यकता है। भारत जैसे युवा आबादी वाले देश में कौशल विकास आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है।
डॉ. सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित स्किल इंडिया मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था ने स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
















