


लूटपाट के दौरान वारदात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर। सबौर थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप महर्षि मेंही आश्रम जाने वाले मार्ग पर एक ई-रिक्शा चालक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बड़ी गोपालपुर निवासी 50 वर्षीय निराला यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से ई-रिक्शा चालक थे।

परिजनों के अनुसार निराला यादव रोज की तरह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब तीन बजे उन्हें हत्या की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि ई-रिक्शा सड़क से नीचे नाले की ओर उतरा हुआ था, जबकि निराला यादव खून से लथपथ अवस्था में पड़े थे।
मृतक के छोटे भाई रतन यादव ने बताया कि देर रात करीब 12 बजे निराला यादव की पत्नी ने उन्हें फोन किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि “अभी आते हैं”, लेकिन इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने आशंका जताई है कि बदमाशों ने लूटपाट के दौरान उनकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हथियार लेकर जाते हुए दिखाई दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।

सबौर थानाध्यक्ष बिट्टू कमल ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या हुई है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौत गोली लगने से हुई या किसी धारदार हथियार के हमले से। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
















