


नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड संख्या छह में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक झगड़े में गोपाल कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है।
घायल गोपाल कुमार झा ने बताया कि उनके भाई मिथुन झा और सोनू झा अपनी पत्नियों के साथ जबरन घर में घुस आए और जमीन को लेकर विवाद करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियार से सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया।

पीड़ित परिवार के अनुसार मारपीट के दौरान हमलावरों ने घर में रखे करीब दो लाख रुपये भी लूट लिये। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल गोपाल कुमार झा को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि हमला पूर्व नियोजित था और जान से मारने की नीयत से किया गया। परिवार ने प्रशासन से सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, रंगरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित मिथुन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













