5
(1)



नवगछिया में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामले में रंगरा थाना और नवगछिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर चौक पर 4 अप्रैल की रात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। इस घटना से स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।



जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदारों में निरंजन यादव, शिवनंदन यादव और मुकेश पासवान शामिल हैं। तीनों दुकानदार रोज की तरह अपनी-अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे, लेकिन शनिवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर का सामान गायब था।

बताया गया कि निरंजन यादव की दुकान से करीब 15 लीटर डीजल, चावल-दाल समेत लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी की गई। वहीं शिवनंदन यादव की पान दुकान से करीब एक हजार रुपये और मुकेश पासवान की पान दुकान से करीब छह हजार रुपये का सामान चोर उठा ले गए।



घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि थाना से महज कुछ दूरी पर लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, बावजूद इसके पुलिस की गश्ती व्यवस्था बेहद कमजोर है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पूर्व में भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी संगठित गिरोह का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

दुकानदारों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्धों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।



इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: