5
(2)

@ कहलगांव के एकचारी बाजार में जलजमाव से परेशान लोगों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन सख्त, संयुक्त जांच से खुलेगी अतिक्रमण की हकीकत।
प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड स्थित एकचारी पंचायत के टकुरबाड़ी चौक पर कथित 100 फीट लंबे अतिक्रमण का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई के केंद्र में आ गया है। बरसात में जलजमाव और आवागमन की परेशानी को लेकर उठी शिकायत पर जिला पदाधिकारी के निर्देश के बाद अब सड़क और नाले की संयुक्त जांच कराई जाएगी।
मामला उस समय गंभीर हो गया जब स्थानीय निवासी प्रीतम कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनके घर के पास करीब 100 फीट तक नाले पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। उनका कहना है कि इसी कारण हर बारिश में पानी की निकासी बाधित हो जाती है, जिससे सड़क पर जलजमाव और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
द्वितीय अपीलीय प्राधिकारी सह जिला पदाधिकारी कार्यालय में हुई सुनवाई के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित सड़क पथ निर्माण विभाग के अधीन है। हालांकि, अधिग्रहण का मूल नक्शा उपलब्ध नहीं होने के कारण अब अंचल अधिकारी, कहलगांव और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संयुक्त रूप से स्थल की पैमाइश और जांच करेंगे।
जांच के दौरान यह तय किया जाएगा कि सरकारी सड़क या नाले की जमीन पर वास्तव में अतिक्रमण हुआ है या नहीं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन ने अधिकारियों को संयुक्त जांच रिपोर्ट के साथ अगली सुनवाई में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
सार्वजनिक सड़क, नाले और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं की बड़ी वजह भी बनता है। विशेषकर बरसात के मौसम में ऐसे कब्जे जलनिकासी रोककर जलजमाव, दुर्घटनाओं और यातायात बाधित होने का कारण बनते हैं। यदि आपके क्षेत्र में भी सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण है, तो इसकी सूचना संबंधित अंचल कार्यालय या जिला प्रशासन को देकर जनहित में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: