


पूर्णिया।किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से पूर्णिया जिले में आगामी 14 मई को ‘हवाई हमला एवं ब्लैकआउट’ विषय पर वृहद नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के आलोक में किया जा रहा है।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार यह अर्द्धवार्षिक मॉक ड्रिल राज्य के छह नागरिक सुरक्षा जिलों—पटना, किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया एवं कटिहार में आयोजित की जा रही है। राज्य स्तर पर नागरिक सुरक्षा निदेशालय, बिहार को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जबकि तैयारियों की निगरानी आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार द्वारा की जा रही है।
मॉक ड्रिल के दौरान संभावित हवाई हमले की स्थिति का सजीव अभ्यास किया जाएगा। सायरन बजते ही संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई जाएगी। इसके लिए विद्युत विभाग के साथ विशेष समन्वय स्थापित किया गया है।

अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय एवं प्रतिक्रिया समय का आकलन किया जाएगा। इसमें अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, रेड क्रॉस सोसाइटी तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि 14 मई को सायरन बजने, अचानक बिजली कटने या आपातकालीन वाहनों की आवाजाही से घबराएं नहीं। यह वास्तविक आपात स्थिति नहीं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु किया जा रहा पूर्वाभ्यास है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मॉक ड्रिल को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
















