


पूर्णिया।बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल सबका सम्मान, जीवन आसान कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय पूर्णिया में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत अपर जिला दण्डाधिकारी, पूर्णिया के समक्ष कुल 30 आवेदनों की सुनवाई की गई।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिला दण्डाधिकारी ने स्वयं सभी परिवादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित मामलों की गंभीरता से समीक्षा की। प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की सेवाओं को आम लोगों तक सरल एवं सुलभ बनाना है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
अपर जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक सहायता उपलब्ध कराना प्रशासनिक जिम्मेदारी है।

जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु इस कार्यक्रम का लाभ उठाएं। उल्लेखनीय है कि इस पहल के तहत जिला स्तर पर नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है, जहां अधिकारी सीधे लोगों से संवाद कर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करते हैं।
















