


भागलपुर। भागलपुर के ललमटिया थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने और ब्लेड से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मामला ललमटिया थाना क्षेत्र के कबीरपुर का है। घायल युवक मोहम्मद आमिर ने बताया कि उसने करीब 15 वर्ष पहले तरन्नुम से दिल्ली जाकर प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों दिल्ली में रह रहे थे और उनके पांच बच्चे भी हैं। आमिर का कहना है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष इस रिश्ते से नाराज था।

पीड़ित के अनुसार कुछ दिन पहले उसकी पत्नी तरन्नुम के पिता जियाउद्दीन ने दोनों को घर आने के लिए बुलाया था। इसके बाद पति-पत्नी करीब दस दिन पहले कबीरपुर पहुंचे थे। आमिर ने आरोप लगाया कि मंगलवार को तरन्नुम के चाचा ने खाने के बहाने उसे अपने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की और ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित दंपति ने मामले की शिकायत ललमटिया थाना पुलिस से की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह को लेकर विवाद के कारण यह घटना हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















