0
(0)




भागलपुर। जगदीशपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से कुल 1122.840 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए पंजाब के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।



जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मध निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से गुप्त सूचना मिली थी कि शराब से लदा एक वाहन जगदीशपुर के रास्ते भागलपुर की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एनएच-133ई स्थित सन्हौला मोड़ चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

जांच के दौरान बौंसी की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें सोयाबीन की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब में मैकडॉवेल्स और रॉयल स्टैग ब्रांड की विभिन्न मात्रा की बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 1122.840 लीटर बताई जा रही है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुलाल सिंह और सुनील कुमार के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा पिकअप वाहन भी जब्त किया है।

थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: