


गाजे-बाजे, हाथी-घोड़े रहेंगे मुख्य आकर्षण; हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना
भागलपुर । 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद बाबू वीर कुंवर सिंह के शौर्य और पराक्रम को नमन करने के लिए भागलपुर में 23 अप्रैल, बुधवार को भव्य विजयोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह समिति द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे वीर कुंवर सिंह चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके बाद वहीं से गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हाथी-घोड़े विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ेगी। आयोजन में हजारों शहरवासियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने 80 वर्ष की आयु में भी अंग्रेजों के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय दिया। इस विजयोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके त्याग और वीरता से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम प्रभारी एडवोकेट डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल की शाम प्रतिमा स्थल पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। 23 अप्रैल के मुख्य समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की स्वीकृति मिल चुकी है। सुरक्षा, रूट प्लानिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समिति ने शहर के सभी सामाजिक और राजनीतिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे 23 अप्रैल को सुबह 8 बजे वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचकर इस गौरवपूर्ण आयोजन में भाग लें और महानायक को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
प्रेस वार्ता में डॉ. संजय सिंह, एडवोकेट राजीव सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, स्वेता सिंह, राहुल चौहान, अंकित सिंह, डॉ. रौशन सिंह, बसंत कुमार सिंह, रोहित सिंह, ठाकुर मोहित सिंह, रंजीत सिंह, आदित्य राज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
















