
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर में 24 नवंबर को प्रस्तावित ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को लेकर सियासी और संगठनात्मक सरगर्मी तेज हो गई है। टाउन हॉल में होने वाले इस आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार शाम बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रहलाद सरकार भागलपुर पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही जदयू संगठन ने कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया।

19 नवंबर को शाम पांच बजे जिला अतिथि गृह में जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रहलाद सरकार का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इसके बाद आयोजित चर्चा में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठन की भागीदारी और तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में 24 नवंबर के आयोजन को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं के अनुसार, पंचायत और वार्ड स्तर पर ‘सुशासन नीतीश परिचर्चा’ के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
कार्यक्रम प्रभारी प्रहलाद सरकार ने कहा कि ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों के दौरान हुए विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याणकारी कार्यों को जनता के बीच रखने का माध्यम है।
प्रदेश सचिव शबाना दाऊद ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, सशक्तीकरण और सामाजिक सम्मान के क्षेत्र में बिहार में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। उन्होंने इन उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने की बात कही। वहीं, महानगर जिलाध्यक्ष संजय साह ने बताया कि पंचायत और वार्ड स्तर पर परिचर्चाओं के जरिए संगठन लोगों से संवाद कर रहा है।
जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि भागलपुर में इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए पार्टी संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल ने इसे संगठनात्मक एकजुटता और जनभागीदारी का अवसर बताया।वरीय उपाध्यक्ष हीरा पांडेय ने कहा कि आयोजन को लेकर संगठनात्मक और व्यवस्थागत तैयारियां लगातार की जा रही हैं।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन शाह, शेखर पांडेय, शैलेन्द्र तोमर, शाबान खान, प्रिंस कुशवाहा, उमा मोदी, पंकज निराला, रोजी रानी, यास्मीन अंसारी, अरुण मंडल, ललन कुशवाहा, गुरुदेव मंडल, शिवशंकर शर्मा, विकास कुमार, दुर्गेश शाह, शमशेर खान और अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।















