
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब हर बार दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में गुरुवार से चार प्रमुख विभागों की इंडोर सेवा शुरू कर दी गई। इसके साथ ही हृदय, किडनी, नसों और यूरोलॉजी से जुड़ी गंभीर बीमारियों के मरीजों के लिए भर्ती होकर इलाज कराने का रास्ता खुल गया है।

अब तक इन विभागों में मरीजों को ओपीडी के जरिए चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा मिल रही थी। लेकिन गंभीर हालत में भर्ती की जरूरत पड़ने पर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इंडोर सेवा शुरू होने से इस व्यवस्था में बदलाव आया है। अब जरूरत के अनुसार मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर नियमित निगरानी और उपचार किया जा सकेगा।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग की इंडोर सेवा शुरू हुई है। इससे ब्रेन और नसों की बीमारियों, हृदय रोग, किडनी संबंधी समस्याओं तथा मूत्र तंत्र से जुड़ी गंभीर परेशानियों के मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
गुरुवार को विधायक रोहित पांडेय, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचपी दूबे ने संयुक्त रूप से इंडोर सेवा का शुभारंभ किया। प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने बताया कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर चारों विभागों में भर्ती की सुविधा शुरू की गई है। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल में रखकर इलाज करने में सहूलियत होगी।
सेवा के उद्घाटन के दौरान विधायक रोहित पांडेय ने अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की बात कही। उन्होंने डॉक्टरों की कमी को स्वीकार करते हुए अगले एक से दो महीने में इस कमी को दूर करने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इंडोर सेवा शुरू होना केवल एक नई चिकित्सकीय सुविधा की शुरुआत नहीं, बल्कि गंभीर मरीजों के इलाज की व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव है। भागलपुर के अलावा आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, इस नई व्यवस्था का वास्तविक लाभ इस बात पर निर्भर करेगा कि चारों विभागों में पर्याप्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और जरूरी चिकित्सा संसाधन कितनी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराए जाते हैं।















