


नवगछिया।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल नवगछिया के तत्वावधान में रामनवमी के अवसर पर 28 मार्च (शनिवार) को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा विभिन्न प्रखंडों एवं स्थलों से प्रारंभ होकर पंचमुखी बालाजी धाम तक पहुंचेगी। हर वर्ष की भांति इस बार भी शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।
आयोजन को लेकर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता पूरी तत्परता के साथ जुटे हुए हैं। शोभायात्रा से पूर्व पूरे नवगछिया नगर को भगवा ध्वजों से सजाया जाएगा। प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष साज-सज्जा की व्यवस्था की जा रही है, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आएगा।
शोभायात्रा के दिन ढोल-नगाड़ों की गूंज, धार्मिक झांकियां और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। आयोजन समिति का कहना है कि इस बार शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर धार्मिक उत्सव का हिस्सा बन सकें।
विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और हिंदू समाज से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रामनवमी शोभायात्रा को सफल बनाएं और धर्म एवं संस्कृति के इस पर्व को उत्साह के साथ मनाएं।













