
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। होम्योपैथिक दिवस के अवसर पर 29 अक्टूबर को भागलपुर सदर अस्पताल के मॉडल अस्पताल परिसर में निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जिला आयुष समिति, भागलपुर के जिला संयुक्त औषधालय की होम्योपैथिक इकाई की ओर से आयोजित इस शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी और जरूरत के अनुसार निःशुल्क होम्योपैथिक दवाएं दी जाएंगी।

जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि राज्य आयुष समिति, बिहार, पटना के निर्देश पर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पी.एन. पांडेय और डॉ. प्रमोद कुमार दास मरीजों की जांच करेंगे। जांच के बाद आवश्यकतानुसार उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉ. प्रसाद ने जिले के लोगों से 29 अक्टूबर को मॉडल अस्पताल परिसर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
















