
@ तीन माह में एक शिकायत दर्ज, 24 घंटे के भीतर हुआ निवारण
भागलपुर । सबौर महाविद्यालय में बिहार सरकार की पहल ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से तीसरे विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य डॉ. राकेश रंजन, सबौर नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती ज्योति कुमारी तथा पोर्टल के नोडल पदाधिकारी डॉ. कुमार नित्य गोपाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग पोर्टल उनकी शैक्षिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से इसका अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की।
नोडल पदाधिकारी डॉ. कुमार नित्य गोपाल ने इसे बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती ज्योति कुमारी ने विद्यार्थियों से अपनी समस्याएं और सुझाव पोर्टल के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए महाविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मयंक वत्स ने पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 भी उपलब्ध है। शिविर में यह जानकारी दी गई कि पिछले तीन माह में पोर्टल पर केवल एक ऑनलाइन शिकायत दर्ज हुई, जिसका 24 घंटे के भीतर निवारण कर दिया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह जानकारी जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मयंक वत्स ने दी।
















