
भागलपुर संग्रहालय परिसर में जिला स्तरीय युवा उत्सव का पहला दिन संपन्न, 250 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण; आज होगा समापन
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर संग्रहालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के पहले दिन मंगलवार को कला, संगीत और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय उत्सव में युवाओं ने गायन, कविता लेखन, चित्रकला, फोटोग्राफी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘नशामुक्त युवा’ रखी गई है। आयोजन में 250 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने निर्णायक मंडल के सदस्यों और अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से किया। पहले दिन समूह लोक गायन, एकल शास्त्रीय गायन, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, फोटोग्राफी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से निर्णायकों और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
उत्सव में शामिल प्रतिभागियों जया भारती और सुरभि सुमन ने कहा कि ऐसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा और साधना प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं। साथ ही, दूसरे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों से सीखने और अपनी कला को निखारने का भी मौका मिलता है। गायन के क्षेत्र से जुड़ीं अर्पिता चौधरी और वैभव राज ने भी आयोजन की सराहना की।
सांस्कृतिक विरासत से युवाओं को जोड़ने की पहल

उद्घाटन समारोह में नवल किशोर, शशि शंकर, उलूपी झा, मनोज पंडित, गीतकार राजकुमार, सुधीर प्रोग्रामर, मंजीत सिंह, नवीन यादव, गोपाल मिश्रा और अरविंद यादव सहित अन्य अतिथि एवं निर्णायक उपस्थित रहे।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने कहा कि युवा उत्सव जिले की सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने, रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
अंतिम दिन नृत्य और वादन प्रतियोगिताएं
युवा उत्सव के दूसरे और अंतिम दिन बुधवार, 28 अक्टूबर को समूह लोक नृत्य, एकल शास्त्रीय नृत्य तथा सितार, तबला और हारमोनियम वादन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
समापन समारोह में जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगी। दो दिवसीय आयोजन के माध्यम से जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है, वहीं ‘नशामुक्त युवा’ की थीम के जरिए समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास भी किया जा रहा है।















