


नवगछिया : भागलपुर जिले में संचालित 102 एंबुलेंस सेवा के चालक एवं ईएमटी कर्मियों ने पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। कर्मियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ, तो वे कार्य बंद कर हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।
कर्मियों का कहना है कि लगातार चार माह से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कर्मियों ने बताया कि वेतन के अभाव में कई परिवार भूखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।

मजदूर दिवस (01 मई 2026) के अवसर पर भी वेतन नहीं मिलने से कर्मियों में नाराजगी और अधिक बढ़ गई है। इस संबंध में 102 एंबुलेंस संघ के अध्यक्ष लालू कुमार यादव के नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द वेतन भुगतान की मांग की गई है।
कर्मियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे मजबूर होकर एंबुलेंस सेवा ठप कर हड़ताल पर चले जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।















