


नवगछिया के गोपालपुर स्थित तिनटंगा जहाज घाट पर मंगलवार दोपहर नवगछिया के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद घाट पर बढ़े आवागमन को देखते हुए यह निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने घाट पर तैनात पुलिस बल को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नाव संचालन में सावधानी बरतने, भीड़ नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा।

इसके अलावा एसपी ने घाट पर चल रहे कटाव रोधी कार्य की भी समीक्षा की और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
इस मौके पर गोपालपुर थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, अन्य पुलिसकर्मी तथा स्थानीय ग्रामीण निर्मल कुमार यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।
प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और निर्देशों के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि घाट पर व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।















