5
(2)

भागलपुर। बिहार सरकार के पेंशन उत्सव के मौके पर भागलपुर जिले के 2.70 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई पेंशन राशि भेजी गई। जून माह की पेंशन के रूप में कुल 40 करोड़ 89 लाख 38 हजार 400 रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित किए गए।
पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किए जाने के बाद जिले में लाभार्थियों के बीच उत्साह देखने को मिला। वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों ने इसे अपने जीवन में राहत देने वाला फैसला बताया। उनका कहना था कि अब दवा, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करना पहले की तुलना में आसान होगा।
भागलपुर समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-प्रभारी जिलाधिकारी राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि डीबीटी प्रणाली के जरिए पेंशन सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनी है।
जिले में सबसे अधिक 1,29,626 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 15.26 करोड़ रुपये मिले, जबकि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 76,621 लाभार्थियों को 16.85 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। इसके अलावा विधवा, दिव्यांग, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा और बिहार निःशक्तता पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी बढ़ी हुई पेंशन का लाभ मिला।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 2,75,892 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है। जिन लाभार्थियों का सत्यापन अभी बाकी है, उनसे जल्द से जल्द अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की गई, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।
लाभार्थियों ने कहा कि पेंशन उत्सव केवल आर्थिक सहायता का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान और सुरक्षा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उनका मानना है कि बढ़ी हुई पेंशन से हजारों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: