5
(2)


24 ई में हुए धसान के लिए ‘चूहे’ जिम्मेदार, अब कौन?

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। करीब चार हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रही महत्वाकांक्षी मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना उद्घाटन से पहले ही सवालों के घेरे में आ गई है। जुलाई 2024 में पहली बारिश के दौरान सड़क के ढलाई वाले हिस्से में धसान (धंसाव) ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए थे। अब ठीक दो वर्ष बाद, जुलाई 2026 में भागलपुर जिले के गनगनिया के पास निर्माणाधीन फोरलेन की डाउन लाइन में करीब 40 मीटर लंबी और लगभग दो इंच चौड़ी दरार मिलने से यह मामला फिर चर्चा में है।
दिलचस्प यह है कि दो साल पहले धसान की वजह अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की ओर से ‘चूहों द्वारा मिट्टी खोदने’ को बताया गया था। लेकिन अब उसी परियोजना में दरार सामने आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और तकनीकी मानकों पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
2024 में धसान, ‘चूहे’ बने थे वजह:
जुलाई 2024 में कहलगांव के दियोरी बंशीपुर-चांय टोला के समीप कोवा नदी के पास ढलाई वाले हिस्से में तीन स्थानों पर धसान हुआ था। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर ‘वर्क इन प्रोग्रेस’ का बोर्ड लगाया और आनन-फानन में मरम्मत शुरू करा दी।


उस समय मौके पर मौजूद इंजीनियरों ने दावा किया था कि फ्लाई ऐश (राख) वाले हिस्से की मिट्टी को चूहों ने खोद दिया, जिससे धसान हुआ। हालांकि निरीक्षण करने पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया और साफ कहा था कि मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर चार-चार मीटर ऊंची मिट्टी की दीवार होने के बावजूद चूहों से इतना बड़ा नुकसान संभव नहीं दिखता। अधिकारियों ने प्राथमिक तौर पर मिट्टी की भराई में लापरवाही और फ्लाई ऐश के कटाव को संभावित कारण माना था।
अब 2026 में 40 मीटर तक दरार:
इसी परियोजना में अब गनगनिया के समीप डाउन लाइन में लगभग 40 मीटर लंबे हिस्से में दरार मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जांच टीम गठित कर दी है।
परियोजना निदेशक मनीष कुमार के अनुसार, सड़क का निर्माण कार्य अभी जारी है और प्रारंभिक जानकारी में सबग्रेड वर्क में दरार दिखाई दी है। उन्होंने कहा कि बिटुमिन सेटलमेंट के दौरान भी ऐसी स्थिति बन सकती है। यदि जांच में गंभीर तकनीकी खामी सामने आती है तो संबंधित हिस्से की केवल मरम्मत नहीं होगी, बल्कि उसे तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा।
क्या दो साल पहले मिली चेतावनी को नजरअंदाज किया गया:
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि शुरुआती निर्माण चरण में धसान जैसी घटनाओं की गहन तकनीकी समीक्षा कर स्थायी समाधान किया जाता, तो बाद में ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था। अब उद्घाटन से पहले दरार सामने आने से यह सवाल उठ रहा है कि क्या पहले मिली चेतावनियों को गंभीरता से लिया गया था।
महत्वपूर्ण है यह परियोजना:
मुंगेर से मिर्जाचौकी तक करीब 123-125 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना पर लगभग 3,792 करोड़ से 4,050 करोड़ रुपये तक की लागत बताई गई है। यह सड़क मुंगेर, भागलपुर और साहिबगंज क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ-साथ व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को गति देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: