


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना को महज गतिविधियों तक सीमित रखने के बजाय उसे नेतृत्व और जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में मारवाड़ी महाविद्यालय, भागलपुर ने नई पहल की है। शुक्रवार, 21 अगस्त को NSS इकाई-2 में पांच बटालियन का गठन कर छात्रों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रवि शंकर प्रसाद के नेतृत्व में गठित इन बटालियनों को देश के पांच महान व्यक्तित्वों के नाम दिए गए हैं। भगत सिंह बटालियन की कमान ज्योतिष कुमार, डॉ. भीमराव अंबेडकर बटालियन की नीतीश कुमार, सुभाष चंद्र बोस बटालियन की मनीष कुमार, सरदार वल्लभभाई पटेल बटालियन की अमन कुमार और स्वामी विवेकानंद बटालियन की जिम्मेदारी अनुज कुमार को दी गई।
वहीं, सभी पांच बटालियनों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी ग्रुप लीडर सत्यम कुमार को सौंपी गई है।

रैंक लगाकर सौंपी जिम्मेदारी
गठन समारोह में कॉलेज के प्राचार्य ने सभी बटालियन लीडरों और ग्रुप लीडर को रैंक लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों से NSS को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने तथा समाजसेवा की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ NSS को और ‘वाइब्रेंट’ बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए छात्रों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में NSS कार्यक्रम पदाधिकारी-1 डॉ. विजय कुमार, NCC पदाधिकारी कैप्टन राजेश नंदन तथा भौतिकी विभाग के डॉ. अनादि प्रसाद सिंह उपस्थित रहे।
















