


भागलपुर।भारत सरकार के ज्ञान भारत मिशन के तहत भागलपुर में प्राचीन पांडुलिपियों एवं हस्तलिखित दस्तावेजों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इस संबंध में समीक्षा भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि जिले में 75 वर्ष से अधिक पुराने हस्तलिखित दस्तावेज, पांडुलिपियां, साहित्यिक लेख, कहानियां तथा ऐतिहासिक अभिलेखों का संकलन और संरक्षण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत को सुरक्षित रखना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ी रह सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान की सफलता में आम लोगों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके पास पुराने हस्तलिखित दस्तावेज, पांडुलिपियां या ऐतिहासिक सामग्री उपलब्ध हो तो वे प्रशासन को इसकी जानकारी देकर संरक्षण अभियान में सहयोग करें।

प्रशासन का मानना है कि यह पहल भागलपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।















