


भागलपुर।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार भागलपुर के तत्वावधान में 9 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

यह लोक अदालत पूर्वाह्न 10:30 बजे से व्यवहार न्यायालय भागलपुर सहित नवगछिया एवं कहलगांव न्यायालय परिसरों में आयोजित होगी। वहीं वन टाइम ट्रैफिक चालान सेटलमेंट कार्यक्रम सुबह 10 बजे से जिला स्कूल भागलपुर में आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में 31 दिसंबर 2025 तक लंबित ट्रैफिक चालान मामलों के निपटारे के लिए विशेष सुविधा दी गई है। वाहन मालिकों को पेनल्टी राशि में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके अलावा विलंब शुल्क (लेट फी) एवं अतिरिक्त अर्थदंड से भी राहत प्रदान की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार लोक अदालत में मामलों का त्वरित, सरल एवं आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। वाहन मालिकों को अपने वाहन से संबंधित अद्यतन एवं स्पष्ट दस्तावेज साथ लाने होंगे। सेटलमेंट की राशि नगद रूप में भी स्वीकार की जाएगी।
जिला प्रशासन एवं विधिक सेवा प्राधिकार ने ट्रैफिक चालान से संबंधित लंबित मामलों वाले वाहन मालिकों से अपील की है कि वे 9 मई शनिवार को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने मामलों का निष्पादन कराएं।
















